CG स्वर-मेंहदी--क्रमांक-2

Started by Atul Kaviraje, September 22, 2022, 09:45:49 PM

Previous topic - Next topic

Atul Kaviraje

                                    "CG स्वर"
                                   -----------

मित्रो,

     आज पढते है, "CG स्वर" इस ब्लॉग का एक लेख. इस लेख का शीर्षक है- "मेंहदी"

                                      मेंहदी--क्रमांक-2--
                                     ----------------

     मेंहदी का वैज्ञानिक नाम है लासोनिया इनर्मिस। मध्यम आकार का ये पौधा होता है और शुष्क स्थानों में लगाया जाता है। हेज के लिये भी इसका उपयोग किया जाता है। इसकी छाल को यूनानी औषधियों के रूप में प्रयोग में लाते हैं। मेंहदी का रंग हमारे जीवन के रंगों के साथ पूरी तरह घुला मिला है इसीलिये कोई भी त्योहार, उत्सव, संस्कार ऐसा नहीं है जिस पर मेंहदी न लगाई जाती हो। जन्म हो या विवाह इसका अपना एक अलग स्थान है। मेंहदी उत्तर भारत में करवाचैथ और तीज में लगाई जाती है और बहुत ही शुभ मानी जाती है। भारतीय सुहागन  नारी की कल्पना मात्र से मस्तिष्क में जो तस्वीर उभर कर आती है वो होती मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदिया, हाथें में मेंहदी और लाल चूड़ियाँ। सौभाग्यवती स्त्री की यही निशानी मानी जाती है। शादी-ब्याह के अवसर पर दुल्हन के साथ साथ दुल्हन को भी मेंहदी लगाई जाती है। इसे शुभ और मंगलमय माना जाता है। हाथ की मेंहदी देखकर महिलाये वर-वधू के प्रेम का अंदाज़ा लगाती हैं। कहते हैं कि जितना मेंहदी का रंग गाढ़ा होता है उतना ही पति पत्नी का प्रेम भी गाढ़ा होता है। शादी में लड़कों को बहन, भाभी और बहनें मिलकर मेंहदी लगाती हैं जहाँ तक दुल्हन को मेंहदी लगाने की बात है तो जिन जातियों में, संस्कारों में जैसे बंगालियों मे ये रिवाज़ नहीं होते हुए भी आजकल श्रृंगार में चार चाँद लगाने के लिये या यूँ कहिये कि श्रृंगार को पूरा करने के लिये मेंहदी लगाई जाने लगी है। इसलिये चाहे किसी भी प्रांत के रहने वाले हों, कोई भी भाषा-भाषी लोग हों, मेंहदी अपनी रंग और सुगंध बिखेरने लगी है।

अक्ल आती है बशर को ठोकरें खाने के बाद।
रंग लाती है हिना पत्थर पर पिस जाने के बाद।।

     मेंहदी केवल श्रृंगार का साधन ही नहीं यानि ये सिर्फ हाथों की सुंदरता ही नहीं बढ़ाती बल्कि इस वनस्पति में बहुत सारे चिकित्सकीय गुण भी हैं। इसके प्रयोग से चिड़चिड़ापन, आँखों की जलन और सिर दर्द जैसे विकार दूर हो जाते हैं। जले हुउ अंगों पर शहद के साथ मेंहदी लगाने से ठंडक मिलती है। खाँसी, कफ और ज़ुकाम के लिये मेंहदी के पत्तों के रस को शहद या मिश्री के साथ लेने से काफी हद तक राहत मिलती है। मेंहदी के काढ़े से गरारे करने से मुँह के छाले ठीक हो जाते हैं और चर्म रागों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। बालों में मेंहदी लगाने का तो आजकल खूब चलन है। इससे सिर्फ सफेद बालों को ही रंग नहीं मिलता बल्कि मेंहदी एक अच्छी कंडीशनर का काम भी करती है। ये सिर को ठंडक पहुँचाती है साथ ही साथ बालों में चमक लाती है। कहते हैं कम उम्र में जिनके बाल पकने लगते हैं उन्हें रंगने से या मेंहदी लगाते रहने से बालों का पकना रुक जाता है। मेंहदी में सबसे अच्छी बात ये है कि इसका कोई भी विपरीत प्रभाव शरीर पर नहीं पड़ता। यूं तो बाजार में मेंहदी आसानी से मिल जाती है लेकिन यदि आप स्वयं मेंहदी के पौधे को लगाएँ तो ये ज्यादा अच्छी बात है। इससे आपको बिना मिलावट की मेंहदी घर पर ही मिल जाएगी और आपके बगीचे में हरियाली भी बनी रहेगी। ताजा पत्तियों से रंग भी अच्छा चढ़ता है। हम तो यही कहेंगे कि ये पूरी तरह सुरक्षित है बाजार में मिलने वाली हर्बल हिना के पैक से भी ज्यादा। अब ये बात अलग है कि आप अपनी बगिया में या घर-आंगन में कितना संवार कर रखते हैं इस बहुउपयोगी पौधे को।

कटी कुचली गई, पिस कर छनी भीगी गुंथी मेंहदी।
जब इतने दुख सहे तब उनके कदमों में बगी मेंहदी।।

     मेंहदी लगाना एक कला है। आजकल ब्यूटी पार्लर या मेंहदी लगाने की क्लासेस में ये सिखाया जाता है कि मेंहदी किस तरह से लगाई जाती है किस तरह से घोली जाती है। वाकई ये एक आर्ट हैं लेकिन अब तो ऐसा है कि बने बनाए कोन बाजार में उपलब्ध होते हैं खरीद कर लाओ  और हाथों में रचाओ क्योंकि ये भी सच है कि कला भी व्यापार के अधीन हो गई है लेकिन क्या हुआ इससे संस्कृति पीछे तो नहीं छूट जाएगी। आज समय की कमी भले ही हो, हर रूपसी तक  मेंहदी के पत्ते न पहुंच पाते हों लेकिन बाजार में मिलने वाले ये रेडीमेड कोन घर घर तक अपनी पहुंच बना चुके हैं। इन्हीं माध्यमों से ही सही दुल्हन की हथेली में सजी मेंहदी दूल्हे को आज भी लुभाती ही है इसमें कोई शक नहीं।

     कुछ भी को ऊपर से हरी और अंदर से लाल रंग समेटे इस वनस्पति का मानव जीवन से बहुत गहरा संबंध है, पर हमारी मेंहदी रचने के संबंध में कुछ अप्रिय धारणाएं हैं कि जितन रंग गाढ़ा चढ़ेगा....ये मात्र एक अंधविश्वास है। प्रेम के बारे में तो कहा जाता है कि आप जितना प्रेम लुटाएंगे उससे कहीं अधिक आप पाएंगे। इसलिये तो मेंहदी को प्रेम रस राचणी कहा जाता है।

                       पाडकास्ट में प्रयुक्त गीत--

1. मेंहदी, मेहदी...टूट के डाल से हाथों में बिखर जाती है
2. मैं हूँ खुशरंग हिना
3. मेंहदी है रचने वाली
4. मेंहदी से लिख दे मेरे तू मेरे बलमा का नाम
5. महबूब की मेंहदी हाथों में

--CG स्वर
(Tuesday, December 28, 2010)
-----------------------------------

                 (साभार एवं सौजन्य-संदर्भ-CG स्वर.ब्लॉगस्पॉट.कॉम)
                -----------------------------------------------

-----संकलन
-----श्री.अतुल एस.परब(अतुल कवीराजे)
-----दिनांक-22.09.2022-गुरुवार.